नई दिल्ली। West Bengal CM : पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव आ गया है। भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुना है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य समारोह के साथ वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
नवनिर्वाचित 206 भाजपा विधायकों (सुवेंदु दो सीटों से जीते हैं) की बैठक में सुवेंदु अधिकारी का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। आज शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। यह समारोह ब्रिगेड मैदान में आयोजित होगा।
विरोध में नहीं आया कोई दूसरा नाम
न्यू टाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई इस निर्णायक बैठक के लिए अमित शाह को मुख्य पर्यवेक्षक बनाया गया था, जबकि उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक के बाद अमित शाह ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया पूरी लोकतांत्रिक रही। आठ प्रस्ताव आए और सभी में केवल सुवेंदु अधिकारी का ही नाम था। हमने दूसरे नाम के लिए पर्याप्त समय दिया, लेकिन कोई अन्य दावेदार सामने नहीं आया।
ममता को दी करारी शिकस्त, मिला ईनाम
सुवेंदु अधिकारी की इस ताजपोशी के पीछे सबसे बड़ा कारण उनका ममता बनर्जी को उनके ही घर में मात देना रहा। 2021 में नंदीग्राम में ममता को हराने के बाद, इस बार सुवेंदु ने भवानीपुर में उन्हें 15 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।
शपथ ग्रहण की तैयारी, मोदी होंगे गवाह
राज्य की 294 सीटों में से भाजपा ने 207 पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई है। शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए बंगाल भाजपा में जबरदस्त उत्साह है।
अमित शाह ने शुक्रवार सुबह दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर बंगाल के नए सफर की मंगलकामना की। सुवेंदु अधिकारी अब राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, जिसके बाद शनिवार को वे बंगाल के नौवें और भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।
TCS Case : निदा खान को नासिक पुलिस ने हिरासत में लिया, जबरन धर्मांतरण मामले में हैं आरोपी












